कोविड काल में 1.30 लाख किलो सोना की खरीद

0
1350

बजट में आयात शुल्क दर में कटौती होते ही मार्च में स्वर्ण आयात 471 फीसद उछाल मारते हुए 1 लाख 60 हजार किलोग्राम दर्ज किया गया। देश में बीते कलेंडर वर्ष 2020 के दौरान एक तरफ जहां सोने के समग्र मात्रात्मक आयात में 35 फीसद और स्वर्णाभूषणों में इसकी मांग में 42 फीसद की जोरदार गिरावट दर्ज की गई, वहीं निवेश में इसकी मांग सिर्फ 11 फीसद कमती रही। अर्थात कोविड काल में भी निवेश का सशक्त विकल्प सोना रहा।

वर्ष 2020 में देश में 1.30 लाख किलोग्राम सोना निवेश के खातिर खरीदने में निवेशकों ने 55 हजार करोड़ रु की पूंजी लगाई। भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) ने भी 2020 में 38 हजार किलोग्राम सोना खरीद कर स्वर्ण भंडार का विस्तार किया। आरबीआई वर्ष 2017 से लगातार सोना खरीद रहा है।

विश्व स्वर्ण परिषद के आंकड़ों के अनुसार बीते साल वैश्विक आपूर्ति में 4 फीसद की कमी के होते हुए भी वैश्विक स्तर पर स्वर्ण निवेश में 40 फीसद की अप्रत्याशित वृद्धि कोविड से उत्पन्न वैश्विक अनिश्चितता को दर्शाती है। भारत ने कलेंडर वर्ष 2020 में कुल 4 लाख 46 हजार 400 किलोग्राम सोना आयात किया। जिसका मूल्य 1 लाख 88 हजार 280 करोड़ रु रहा, इसमें से 3 लाख 15 हजार 900 किलोग्राम आभूषणों के बनाने में और 1 लाख 30 हजार 400 किलोग्राम निवेश में इस्तेमाल किया गया।

इसकी तुलना में 2019 में 2 लाख 17 हजार 770 करोड़ रु की विदेशी मुद्रा से 6 लाख 90 हजार किलोग्राम सोना आयात किया गया था। जिसमें से 5 लाख 44 हजार 600 किलोग्राम आभूषणों के बनाने में और 1 लाख 45 हजार 800 किलोग्राम सोना निवेश में खपाया गया था। वैसे भारत के आरक्षित स्वर्ण भंडार में 2017 से लगातार इज़ाफ़ा हो रहा है क्योंकि आरबीआई सोने की नियमित खरीद कर रहा है।

आरबीआई ने कलेंडर वर्ष 2020 में 38 हजार किलोग्राम सोना खरीदा। भारत का आरक्षित स्वर्ण भंडार 2019, 31 मार्च को 6 लाख 12 हजार 560 किलोग्राम से बढ़कर 2020, 31 मार्च को 6 लाख 53 हजार 10 किलोग्राम और 2020 सितंबर तक इसमें करीब 17 हजार किलोग्राम की और वृद्धि हुई। आरबीआई ने कलेंडर वर्ष 2020 में 38 हजार किलोग्राम सोना खरीदा। इस हिसाब से 2021, 31 मार्च को भारत का आरक्षित स्वर्ण भंडार लगभग 6.90 लाख किलो होने का अनुमान है।

भारत के आरक्षित स्वर्ण में से साठ फीसद बैंक आॅफ इंग्लैंड और बैंक फाॅर इंटरनेशनल सेटलमेंट की कस्टडी में हमेशा ही रखा रहता है। आरबीआई के अनुसार 2020, 31 मार्च को 6.53 लाख किलो से ज्यादा के आरक्षित सोने में से 3.61 लाख किलो मात्रा बैंक आॅफ इंग्लैंड और बैंक फाॅर इंटरनेशनल सेटलमेंट (बीआईएस) की कस्टडी में थी।

2020 में विभिन्न देशों के केंद्रीय बैंकों द्वारा वैश्विक स्वर्ण खरीद में आरबीआई दूसरे स्थान पर रहा। टर्की ने सबसे अधिक 1.34 लाख किलोग्राम और रूस ने 27.4 हजार किलोग्राम, यूएई ने 23.9 हजार किलोग्राम और क़तर ने 14.5 हजार किलोग्राम सोना खरीदा। 2020 में सबसे ज्यादा उज़्बेकिस्तान ने सोना बेचा, इसके बाद मंगोलिया, श्रीलंका, कज़ाकिस्तान, कोलंबिया बेचू रहे, जर्मनी, फिलीपींस ने कमती मात्रा में सोने की बिक्री की। परिषद के आंकड़ों के अनुसार 2020 में सोने की वैश्विक आपूर्ति 4 फीसद गिरावट के कारण 46.33 लाख किलोग्राम रह गई। कुल आपूर्ति में 60 फीसद हिस्सा खदानों से निकलने वाला होता है और 40 फीसद रिसाइकिल्ड।

प्रणतेश नारायण बाजपेयी