You Can Walk With The Clouds अंबोली हिल स्टेशन

0
326

अंबोली हिल स्टेशन : धरती का श्रंगार……… अंबोली हिल स्टेशन को धरती का श्रंगार कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग स्थित अंबोली हिल स्टेशन की आगोश में खूबसूरती का हर नगीना दिखेगा। सहयाद्री पर्वत श्रखला का यह हिल स्टेशन भले ही छोटा है लेकिन खूबसूरती का नायाब नगीना है। समुद्र तल से करीब 690 मीटर ऊंचाई पर स्थित अंबोली हिल स्टेशन में चौतरफा प्राकृतिक सुन्दरता का एहसास होता है। कहीं बादलों की आवाजाही तो कहीं शीतल हवा के सुगंधित झोंके पुलकित एवं रोमांचित करेंगे। घास के लम्बे चौड़े मैदान या ढ़लान एक मखमली एहसास कराते हैं। हरी-भरी वादियां पर्यटकों को एक सुखद एहसास कराती हैं। सुगंधित एवं आैषधीय वनस्पतियों की प्रचुरता होने से अंबोली हिल स्टेशन की जलवायु अत्यंत ऊर्जावान रहती है। लिहाजा पर्यटकों को हिल स्टेशन के परिवेश में ऊर्जा का विशेष एहसास होता है। अंबोली हिल स्टेशन का ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व भी है। कारण ब्रिाटिश शासनकाल में अंबोली हुक्मरानों का पसंदीदा हिल स्टेशन होता था। लिहाजा 1880 में अंबोली को हिल स्टेशन घोषित किया था। हालांकि इस बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन की खोज सावंतवाड़ी के बाशिंदों ने की थी। खास तौर से अंबोली हिल स्टेशन एवं उसके आसपास सुन्दर एवं आकर्षक स्थानों की एक लम्बी श्रंखला है। इनमें वॉटर फॉल्स, हिरण्याकाशी मंदिर, महादेवगढ़, नारायणगढ़ एवं इको प्वाइंट आदि इत्यादि हैं। खास तौर से बारिश में अंबोली हिल स्टेशन की यात्रा का मजा ही कुछ आैर होता है। झरनों की खूबसूरती यहां देखते ही बनती है। शायद इसी लिए अंबोली हिल्स को झरनों का स्वर्ग कहा जाता है। विशेषज्ञों की मानें तो अंबोली हिल स्टेशन महाराष्ट्र का सबसे अधिक वर्षा वाला क्षेत्र है। प्रकृति का यह सुन्दर उपहार पर्यटकों के मन मस्तिष्क में रच बस जाता है। अंबोली हिल स्टेशन में बारिश की फुहारों से दिल रोमांचित हो उठता है। हिरण्याकाशी मंदिर: हिरण्याकाशी मंदिर वस्तुत: अंबोली गांव का सुन्दर एवं प्राचीन शिव मंदिर है। इस शिव मंदिर को ही यहां हिरण्याकाशी कहा जाता है। खास यह कि हिरण्याकाशी की एक जलधारा कृष्णा नदी में मिलती है। यह शिव मंदिर एक गुफा में स्थित है। यहीं से यह जलधारा निकलती है। मान्यता है कि अंबोली एवं उसके आसपास 108 शिव मंदिर हैं। जिनमें कुछ ज्ञात एवं कुछ अज्ञात हैं। सनसेट प्वाइंट : सनसेट प्वाइंट अंबोली हिल स्टेशन का एक सुन्दर स्थान है। सनसेट प्वाइंट से सूर्योदय एवं सूर्यास्त का लालित्यपूर्ण इन्द्रधनुषी नजारा अद्भुत होता है। बारिश के मौसम में यहां आनन्द की विशेष अनुभूति होती है। धुंध की प्राकृतिक छटा अंबोली की सुन्दरता को आैर भी बढ़ा देती है। इको हॉट स्पॉट : इको हॉट स्पॉट असामान्य वनस्पतियों की प्रचुरता वाला वन क्षेत्र है। विशेषज्ञों की मानें तो दुनिया का विलक्षण एवं अद्भुत क्षेत्र है। इस वन क्षेत्र में वन्य जीवन का भी रोमांच भी महसूस किया जा सकता है। ट्रैकिंग : ट्रैकिंग के शौकीन पर्यटकों के लिए अंबोली हिल स्टेशन एक सुन्दर एवं बेहतरीन स्थान है। नंगर्ता वॉटर फॉल्स: नंगर्ता वॉटर फॉल्स अंबोली से करीब 10 किलोमीटर दूर है। करीब 40 फुट ऊंचाई से गिरने वाली जलधारा बेहद आकर्षक प्रतीत होती है। चौतरफा वनस्पतियों से घिरा यह इलाका बेहद सुहावना एहसास होता है। कैवलेशट प्वाइंट : कैवलेशट प्वाइंट अंबोली हिल स्टेशन से करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित है। मानसून के दौरान यहां छोटे-छोटे झरनों की एक श्रंखला दिखती है। स्वर प्रतिध्वनि का आनन्द यहां लिया जा सकता है। कुछ भी आवाज लगायेंगे तो घाटी में स्वर अनुगूंजित होने लगेगा। अंबोली हिल स्टेशन की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट बेलगाम है। बेलगाम एयरपोर्ट से अंबोली हिल स्टेशन की दूरी करीब 64 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन सावंतवाड़ी है। अंबोली हिल स्टेशन से सावंतवाड़ी की दूरी करीब 28 किलोमीटर है। मुम्बई से इस हिल स्टेशन की दूरी करीब 550 किलोमीटर है। जबकि पुणे से अंबोली हिल स्टेशन की दूरी करीब 390 किलोमीटर है। इसके अलावा पर्यटक सड़क मार्ग से भी अंबोली हिल स्टेशन की यात्रा कर सकते हैं।