जानिए किसने क्यों कहा, यूपी का हर विधायक विधानसभा का ब्रांड एम्बेसडर

हर विधायक विधानसभा का ब्रांड एम्बेसडर-महाना विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि सकारात्मक बदलाव सभी के प्रयासों का परिणाम विचारधारा भले ही अलग है पर ये सदन हम सभी का है और सभी सदस्य आदरणीय हैं मेरे लिए पहले सदन की कार्यवाही पर नकारात्मक चर्चाएं अधिक होती थीं, पर अब बदल गई हैं परिस्थितियां

0
50

लखनऊ। यूपी विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा है कि हमारी विधानसभा अब एक नए स्वरूप में समाज के हर वर्ग तक अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज करा रही है। यह सकारात्मक परिवर्तन सदन के प्रत्येक सदस्य के प्रयासों का परिणाम है। और जिसके लिए सभी प्रशंसा के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा का प्रत्येक सदस्य इस सदन का ब्रांड एम्बेसडर है। यह विधानसभा हम सबकी है, और हर सदस्य मेरे लिए सम्माननीय है। बजट सत्र के समापन अवसर पर सदन  को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना थोड़े भावुक और थोडे़ शिक्षक के अंदाज में दिखे।

उन्होंने कहा कि हमारी विचारधाराएं भिन्न हो सकती हैं। और हमारे मत भी अलग हो सकते हैं, लेकिन हम सभी का उद्देश्य एक ही है, और वह है जनसेवा। उन्होंने कहा कि जनता पहले से अधिक जागरूक है। और वह अपने प्रतिनिधियों से यह जानना चाहती है कि उन्होंने उनके लिए क्या कार्य किए हैं। श्री महाना ने कहा कि पहले विधानसभा की कार्यवाही को लेकर नकारात्मक चर्चाएं अधिक होती थीं, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं। प्रत्येक विधायक को यह स्मरण रखना चाहिए कि उनके क्षेत्र की जनता उनकी गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखती है। अब मतदाता यह तक जानने को उत्सुक रहते हैं कि उनका प्रतिनिधि सदन में कहां बैठा था और किन मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की। सोशल मीडिया के इस युग में विधानसभा की कार्यवाही जन-जन तक सहजता से पहुंच रही है। इसलिए प्रत्येक विधायक को अपने आचरण एवं भूमिका को उसी गंभीरता से निभाना चाहिए।

महाना ने कहा  कि सदन का आधिकारिक मोबाइल ऐप लॉन्च हो चुका है, जिसमें इसकी स्थापना से लेकर अब तक के सभी महत्वपूर्ण भाषण एवं जानकारियां उपलब्ध हैं। सभी विधायक इस ऐप का अवश्य उपयोग करें। इसके अलावा सभी सदस्य अपने क्षेत्र की जनता को विधानसभा दिखाकर उन्हें इसकी कार्यप्रणाली से भी परिचित कराएं, जिससे विधायिका के प्रति जनमानस का दृष्टिकोण और अधिक सकारात्मक बन सके। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी वित्तीय वर्ष में उत्तर प्रदेश विधानसभा को एआई से लैस किया जाएगा। जिससे प्रत्येक विधायक की संपूर्ण जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होगी। अंत में महाना ने संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना सहित समस्त मंत्रिपरिषद एवं विपक्षी दलों के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी सदस्यों को होली एवं माहे रमज़ान की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आएं।

सदन में थूकने वाले सदस्य को नसीहत भी दी : विधानसभा बजट सत्र के आखिरी दिन प्रश्नकाल के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने घोषणा की कि तत्काल प्रभाव से विधानसभा परिसर के अंदर पान मसाला और गुटखा के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया जाता है। इसके साथ ही उन्होंने ऐसा करने पर एक हजार रुपए का अर्थ दंड बसूलने का प्रावधान भीड़ लागू कर दिया। उन्होंने कहा कि परिसर में गुटखा या पान मसाला खाते हुए पाए जाने वाले कर्मचारियों, अधिकारियों या किसी भी अन्य व्यक्ति पर यह नियम लागू होगा। इसके साथ ही यदि जरूरी हुआ तो नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस पर विधानसभा में मौजूद कुछ सदस्यों ने सुझाव दिया कि जुर्माने की राशि बढ़ाई जानी चाहिए। इस पर श्री महाना ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘उन माननीय सदस्यों के नाम नोट कर लीजिए जो अधिक जुर्माने की बात कर रहे हैं। अगर वे थूकते हुए पकड़े गए तो हम उनसे अतिरिक्त जुर्माना वसूलेंगे। उनकी इस टिप्पणी पर विधानसभा में ठहाके गूंज उठे। दरअसल इसके एक दिन पूर्व एक विधायक परिसर में पान मसाला थूकते हुए देखे गए थे। उनकी यह करतूत सीसीटीवी में भी दिख गई थी। खबर है कि श्री महाना ने उन्हें बुला कर समझाया भी था, लेकिन कहीं भी उनका नाम उजागर नहीं किया। थूकने पर जुर्माने की व्यवस्था देते हुए भी घटना का हवाला तो दिया पर नाम उजागर नहीं किया।

अभयानंद शुक्ल
राजनीतिक विश्लेषक