मुख्यमंत्री बोले, देश का दुश्मन सपा का दोस्त

0
467

हरदोई/लखनऊ। भक्त प्रहलाद की नगरी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आतंकवाद और विकास के मुददे पर समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव को घेरा। मुख्यमंत्री ने कहा अखिलेश सरकार में आतंकवादियों के मुकदमे वापस लिए जाते थे। यहीं नहीं पहले की सरकार में बिजली का भी धर्म होता था। मोहर्रम में बिजली आती थी और दिवाली में नहीं आती थी।

यह दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब भी अखिलेश यादव की की संवेदना आतंकवादियों के परिवार से है। गुजरात में हुए ब्लास्ट में सजा पाया एक आतंकी का अब्बा सपा का प्रचारक है। यानी जो देश की सुरक्षा के दुश्मन है, वह इनके (सपा) दोस्त हैं। इसका बाद भी अखिलेश यादव ने इस मामले में कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है, उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

आतंकवाद के मुददे पर सपा को घेरा : भक्त प्रहलाद की नगरी में मुख्यमंत्री ने आतंकवाद के मसले पर सपा को निशाने रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात के एक न्यायालय ने 38 आतंकवादियों को फांसी की सजा सुनाई है। उसमें आठ आतंकियों का संबंध आजमगढ़ से है। एक आतंकी का बाप समाजवादी पार्टी का प्रचारक है। अखिलेश यादव ने इस मामले में अभी तक कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है। इस आतंकवादी के प्रति अखिलेश की सहानुभूति और चुप्पी क्यों है? जबकि उन्हें सजा सुनाई गई है वह देश के दुश्मन थे। ऐसे लोगों के खिलाफ चुप्पी साधने का मतलब है कि आतंकियों को सुनाई गई सजा से सपा को तकलीफ हुई है। अखिलेश बताए कि वह इस मामले में चुप क्यों है? सपा को जनता से माफी मांगनी चाहिए। सपा उत्तर प्रदेश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। मैं पूछना चाहता हूं क्या राजनीति इतनी बड़ी हो गई है कि देश की सुरक्षा के लिए कोई जगह नहीं है। सपा को इस पर विचार करना चाहिए।

मुख्यमंत्री यहीं नहीं रुके, कहा कि देश के दुश्मन भी इनके दोस्त हैं। इसी क्रम में उन्होंने यह भी कहा कि क्या अखिलेश प्रदेश की जनता को बताएंगे कि उन्होंने राम मंदिर और सीआरपीएफ कैंप पर हमला करने वाले आतंकवादियों के मुकदमे क्यों वापस लिए थे।

नए यूपी का हो रहा निर्माण : हरदोई की आठ विधानसभा सीटों पर 23 फरवरी को मतदान होना है। यहां की इन विधानसभा सीटों का चुनाव प्रचार करने के लिए मुख्यमंत्री शाहाबाद और मल्लावां विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित किया। इन दोनों चुनावी जनसभाओं में मुख्यमंत्री ने अपने बीते पांच वर्षों में कराए गए विकास कार्यों के जरिए सपा को निशाने पर रखा। शाहाबाद की चुनावी जनसभा में इसकी शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस तीनों ही प्रदेश में शासन कर चुके हैं। सपा, बसपा सरकार में दंगे होते थे, महीनों कर्फ्यू लगता था। बीते पांच वर्षों के दौरान हमारी सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ। बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ लोगों को दिया गया। जबकि सपा सरकार ने बिजली का भी जाति और धर्म होता था। ईद और मुहर्रम होता था तो बिजली आती थी और होली-दिवाली पर नहीं आती थी। आज ऐसा भेदभाव नहीं है। आज चाहे होली-दिवाली हो या ईद-मुहर्रम या क्रिसमस या शिवरात्री। सबको बिजली देना का कार्य डबल इंजन की सरकार ने किया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हमारी सरकार में बुलडोजर सड़क भी बनाता है और सपा के इत्र वाले मित्र तथा भ्रष्ट पेशेवर लोगों की अवैध संपत्तियों को नेस्तानाबूत भी करता है। आगे भी बुलडोजर विकास का कार्य करते हुए पेशेवर अपराधियों के खिलाफ एक्शन में रहेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा अब यूपी दंगामुक्त और भयमुक्त है। अब यूपी में कर्फ्यू नहीं लगता। बम बाजी नहीं होती। अब कांवड़ यात्रा निकली है। अब नए भारत के नए यूपी में अराजकता का माहौल नहीं है। अब इस नए यूपी में गुंडागर्दी पर चर्चा नहीं होती, अब यहां विकास कार्यों पर चर्चा होती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते पांच वर्षों वर्षों में हरदोई के एक लाख 45 हजार किसानों का कर्ज माफ़ किया गया है। हमने जो कहा वह किया। मुख्यमंत्री ने कहा हम नारा लगाते थे, राम लला हम आएंगे, मंदिर भव्य बनाएंगे, अब अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बन रहा है। पांच वर्ष में डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश में तमाम विकास के काम किए। अपनी सरकार के विकास कार्यों का विस्तार से जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वे सपा के बहकावे में ना आएं। सपा को समर्थन देना आतंकवादियों और पेशेवर अपराधियों के लिए कालीन बिछाना है। इस लिए जिन साइकिलों पर बैठकर धमाके कराए जाते हैं उन्हें पंचर करे। यहां के आठों सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों को जिताएं ताकि हम 325 सीटों पर विजय पताका फहराते हुए सरकार बनाए।