कोडाईकनाल हिल स्टेशन: प्रकृति का एहसास

0
2865

कोडाईकनाल हिल स्टेशन निश्चय ही प्रकृति का एक सुखद एहसास है। तमिलनाडु का यह हिल स्टेशन कोमलता एवं प्राकृतिक सौन्दर्य के लिए देश-दुनिया में अपना एक अलग स्थान रखता है। दक्षिण भारत के तमिलनाडु का ‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” अपने आगोश में प्राकृतिक सौन्दर्य के अनगिनत नगीनों को सहेजे है।

समुद्र तल से करीब 7200 फुट के शीर्ष पर स्थित यह हिल स्टेशन सुरम्य वातावरण के लिए खास तौर से जाना पहचाना जाता है। कल-कल बहते झरनों की शानदार श्रंखला, सुन्दर झीलें, मखमली घास का स्पर्श कराने वाले लम्बे-चौड़े मैदान-ढ़लान यहां खास हैं। बादलों की अठखेलियों का एहसास ह्मदयस्पर्शी होता है। ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे बादलों की गोद में हों।

‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” एवं उसके आसपास के मुख्य आकर्षण में कोडई झील, ग्रीन वैली व्यू, मूक घाटी व्यू, गुना गुफायें, पाइन वन क्षेत्र आदि इत्यादि हैं। पर्यटन प्रेमियों के बीच ‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” को हिल स्टेशन की राजकुमारी कहा जाता है। तमिलनाडु के डिंडागुल जिला के तहत आने वाले इस हिल स्टेशन में घाटियों-वादियों का सौन्दर्य देखते ही बनता है।

‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” की उत्तर दिशा में एक सुन्दर पहाड़ी है। इस पहाड़ी के नीचे विलपट्टी व पालंगी गांव हैं। ‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” की पर्वत श्रंखला लोअर पलानी हिल्स तक जाती हैं तो वहीं दक्षिण में कम्बम घाटी है। शांत एवं सौन्दर्य की आभा से आलोकित यह हिल स्टेशन ताजगी एवं स्फूर्ति का शानदार एहसास कराता है। ‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” के सैर-सपाटा का मजा ही कुछ आैर है। कारण ‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” एक अलग ही दुनिया नजर आती है। इसे गर्मियों का जंगल भी कहा जाता है।

वस्तुत: जंगल का यह एक शानदार उपहार है। घूमने-फिरने के लिए ‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” में कोई कमी नहीं। ‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” के निकट ही कोकर्स वॉक, बियर शोला फॉल्स, ब्राायंट पार्क, शेमबगनूर, संग्रहालय, कोडैकनाल विज्ञान वेधशाला, पिलर्स रॉक, सिल्वर कैसकेड, डाल्फिन नोज, कुरिंजी अंदावर, मुरुगन मंदिर एवं बेरीजम झील आदि इत्यादि हैं।

कोडाईकनाल मुख्यत: फलों, प्लम एवं नाशपाती के लिए प्रसिद्ध है। चाकलेट प्रेमियों के लिए यह स्वर्ग के तौर पर जाना जाता है। दुर्लभ कुरिंजी फूल इसी हिल एरिया में खिलते हैं। विशेषज्ञों की मानें तो यह फूल बारह वर्षों में सिर्फ एक बार खिलता है। इन फूलों के खिलने पर ‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” की सुन्दरता देखते ही बनती है। इस फूल की खुशबू-महक मदहोश करने वाली होती है। ‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” एरिया की विशाल चट्टानें, शांत झीलें, फलों के बगीचे सुन्दरता की कहानी खुद-ब-खुद कहते हैं।

बेरिजम झील: बेरिजम झील एक खूबसूरत पिकनिक स्पॉट है। प्राकृतिक सुन्दरता से परिपूरित यह स्थल कोडईनाल से करीब बीस किलोमीटर की दूरी पर है। इस झील से पेरियाकुलम नगर को पीने का पानी उपलब्ध होता है। विशेषज्ञों की मानें तो इस झील की खोज ब्रिटिश कर्नल हेमिल्टन ने 1864 में की थी।

ब्रायंट पार्क: ब्रायंट पार्क ‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” की पूर्व दिशा में स्थित है। करीब बीस एकड़ क्षेत्र में फैला यह सुन्दर पार्क फूलों एवं संकर प्रजाति के पेड़-पौधों के लिए ख्याति रखता है। ग्लास हाउस में फूलों की प्रदर्शनी दर्शनीय होती है। पार्क में फूलों का मेला भी लगता है।

शेनबागानूर संग्रहालय : शेनबागानूर संग्रहालय करीब पच्चीस किलोमीटर दूर है। यह आर्कीडोरियम के लिए खास तौर से जाना जाता है।

वोट क्लब: वोट क्लब ‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” के निकट ही है। इसकी स्थापना 1932 में की गयी थी। पर्यटक वोट क्लब में वोटिंग का आनन्द ले सकते हैं।

कोडाईकनाल झील: कोडाईकनाल झील विकसित झील है। तारा के आकार-प्रकार को रेखांकित करने वाली यह झील 60 एकड़ क्षेत्र में फैैली है। चौतरफा मखमली घास का फैलाव पर्यटकों को आकर्षित करता है। यहां रोमांचक रेसिंग ट्रिप का भी आयोजन होता है।

क्रोकर्स वॉक: क्रोकर्स वॉक एक सुन्दर स्थान है। लेफ्टिनेंट कोकर के नाम से इस स्थान का नाम रखा गया। यहां से ‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” सहित आसपास के खूबसूरत नजारे दिखते हैं।

कुरिंजी अंदावर मंदिर: कुरिंजी अंदावर मंदिर एक पवित्र स्थान है। यह मंदिर भगवान मुरुगन को समर्पित है। कोडाईकनाल झील से करीब 3.20 किलोमीटर दूरी पर स्थित इस मंदिर को पहाड़ों के देवता के रूप में माना जाता है। तमिल साहित्य में कुरिंजी का आशय पहाड़ी क्षेत्र एवं अंदावर का आशय ईश्वर से होता है। यह एक सुरम्य स्थान है।

सिल्वर कासकेड फॉल्स: सिल्वर कासकेड फॉल्स ‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” से करीब 8 किलोमीटर दूर है। कोडई झील का जल 180 फुट शीर्ष से झरना के तौर पर नीचे गिरता है। झर-झर-कल-कल झरना का बहना पर्यटकों को खास तौर से आकर्षित करता है।

बीयर शोला फॉल्स: बीयर शोला फॉल्स कोडई झील से 1.60 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इस क्षेत्र में भालुओं का बाहुल्य है। इसी लिए इस फॉल्स का नाम बीयर रखा गया है।इस फॉल्स के आसपास भालुओं की धमाचौकड़ी देखना आसान होता है।

सौर वेधशाला: सौर वेधशाला एक सुन्दर स्थान है। इस स्थान से कोडई के सुन्दरता को आसानी से देखा-निहारा जा सकता है।

‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” की यात्रा के लिए आवागमन के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट मदुरै है। मदुरै की ‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” से दूरी करीब 120 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन कोडई रोड है। रेलवे स्टेशन से ‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” की दूरी 80 किलोमीटर है। ‘कोडाईकनाल हिल स्टेशन” की यात्रा सड़क मार्ग से भी की जा सकती है।