देश में वैक्सीनेशन और टेस्टिंग में यूपी अव्वल

0
588

• देश में सर्वाधिक 3.61 करोड़ नि:शुल्क वैक्सीन का लाभ देकर प्रदेश सरकार ने बनाया रिकॉर्ड
• कोरोना काल में रिकॉर्ड 6.01 करोड़ सेंपल की कोविड जांच करने वाला प्रथम राज्य बना यूपी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश टीकाकरण और टेस्टिंग दोनों में देश में नंबर वन 1 हो गया है। टीकाकरण में तीन करोड़ 60 लाख से ज्यादा प्रदेशवासियों को कवर किया गया है। इसके अलावा पूरे कोरोनाकाल में छह करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच कराई गई है।

अपर मुख्य सचिव चिकित्सा व स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि पूरे देश में अब तक छह करोड़ सेंपल की जांच किसी भी प्रदेश में नहीं हुई है। गुरुवार को 2 करोड़ 52 लाख 568 सेंपल की जांच की गई और इस प्रकार प्रदेश में 6 करोड़ 01 लाख 1058 सेंपलों की जांच का आंकड़ा पहुंच गया।

उन्होंने कहा कि इस वक्त कोरोना संक्रमण प्रदेश में अपने निचले स्तर पर है। सूबे में रोजाना 100 केस के आसपास आ रहे हैं लेकिन जांच की गति कम नहीं की गई है। रोजाना ढाई लाख के आसपास सेंपलों की जांच की जा रही है।

अमित मोहन ने बताया कि इस वक्त प्रदेश के सिर्फ दो जनपदों में मामले दहाई में हैं। 41 जनपदों मे एक भी केस नहीं है। 32 जनपदों में इकाई में केस हैं। इसके बाद भी मुख्यमंत्री जी का साफ निर्देश है कि टेस्टिंग कम न की जाए।

उन्होंने बताया कि वैक्सीनेशन के मामले में भी प्रदेश टाप पर चल रहा है। अब तक 3 करोड़ 5 लाख 40 हजार 558 प्रदेशवासियों को वैक्सीन की पहली डोज़ लगाई जा चुकी है। इसके अलावा 55 लाख 32 हजार 965 लोगों को दोनों डोज़ लग चुकी है। इस प्रकार प्रदेश में 3 करोड़ 60 लाख 73 हजार 523 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इतनी अधिक मात्रा में वैक्सीनेशन देश के किसी भी राज्य में अभी तक नहीं हुआ है।