… तो आइए चलते हैं घूमने रोमांच का खजाना अरु हिल स्टेशन

0
1713

… तो आइए चलते हैं घूमने रोमांच का खजाना अरु हिल स्टेशन… जम्मू-कश्मीर का अरु हिल स्टेशन को हिमालय की शान कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। समुद्र तल से करीब 2425 मीटर ऊंचाई पर स्थित यह हिल स्टेशन सुन्दर झीलों, विशाल हिमालय एवं नरम घास के मैदानों के लिए खास प्रसिद्ध है।

श्रीनगर से करीब 107 किलोमीटर दूर कश्मीर की यह अरु घाटी शांत स्वभाव एवं सदाबहार परिवेश की खासियत रखती है। अरु हिल स्टेशन के चौतरफा हिमालय के शिखर नजर आते हैं। यह इलाका ट्रांस हिमालय का मिला-जुला क्षेत्र है। हालांकि अरु हिल स्टेशन जम्मू-कश्मीर का सबसे छोटा हिल स्टेशन है फिर भी सुन्दरता के लिए खास प्रसिद्ध है। मखमली बिछौना सा दिखने वाले घास के भव्य-दिव्य मैदान सूर्योदय एवं सूर्यास्त के समय आैर भी निखर आते हैं।

ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे लालिमा धरती पर उतर आयी हो। नीला आकाश, शांत वातावरण एवं धुंधलका की चादर से ढ़का हिमालय प्रकृति का सुन्दर नजारा दिखाता है। अनन्तनाग जिला का यह हिल स्टेशन सुरम्य वादियां पर्यटकों को मुग्ध कर लेती हैं तो वहीं सुहावनापन रोम-रोम को पुलकित एवं प्रफुल्लित कर देता है। सामान्यत: देखें तो अरु घाटी जम्मू एण्ड कश्मीर की आत्मा है। युवाओं के लिए हनीमून का सबसे पसंदीदा हिल स्टेशन अरु को माना जाता है।

अरु हिल स्टेशन एरिया के खास आकर्षण में लिडर नदी, ट्रेकिंग, घुमक्कड़ी, घुड़सवारी आदि इत्यादि है। अरु हिल स्टेशन के निकट ही कोलहाई ग्लेशियर है। इसे कश्मीर घाटी का सबसे बड़ा ग्लेशियर माना जाता है। कोलहाई 5425 मीटर की ऊंचाई पर है। कश्मीर घाटी का यह सबसे ऊंचा पर्वत शिखर है। इस शिखर श्रंखला पर पर्यटकों के लिए बोर्डिंग-लॉजिंग की सभी आवश्यक सुविधायें-सहूलियतें हासिल हैं।

अरु हिल स्टेशन के आसपास अल्पाइन झीलों की एक लम्बी श्रंखला है। पर्वत शिखर घास के सुन्दर मैदान की तरह दिखते हैं। सर्दियों में अरु हिल स्टेशन पर बर्फबारी का अद्भुत नजारा देखते ही बनता है। ओवरा अरु वन्यजीव अभ्यारण हिल एरिया की सुन्दरता का एक शानदार नगीना है। हिल स्टेशन के अन्य आकर्षण में कैटरीन घाटी, तारसार-मार्सार झील, विश्वदर्श-किशनर झील, कंगन, कोलहाई ग्लेशियर आदि हैं। अरु हिल स्टेशन एक भव्य-दिव्य दर्शन एरिया है। कुछ यूं कहें कि पर्यटक अरु हिल स्टेशन के सुन्दरता में खुद को भूल सा जाते हैं। परिवेश एहसास कराता है कि प्रकृति की गोद में सो जाओ।

ओवरा अरु वन्यजीव अभ्यारण: ओवरा अरु वन्यजीव अभ्यारण जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर से करीब 76 किलोमीटर दूर है। करीब 511 वर्ग किलोमीटर दायरे में फैला यह अभ्यारण समुद्र तल से 3000 से 5425 मीटर ऊंचाई पर स्थित है। वस्तुत: यह एक पर्वत श्रंखला है। इस वन्यजीव अभ्यारण में पशु-पक्षियों की कुछ खास प्रजातियां दिखती हैं। मसलन कस्तूरी हिरण, तेंदुआ, हंगल, बर्फ मुर्गा, मोनल, भूरा भालू, कोक्लास, खरगोश, सेरो, रीसस मकाक, भूरा लंगूर, हिमालय का चूहा आदि इत्यादि हैं।

कोलहाई: कोलहाई हिमालय की ऊंची चोटियों में से एक है। हालांकि इस क्षेत्र की सबसे ऊंची चोटियों में कोलहाई को श्रेष्ठ माना जाता है। यहां की सुन्दरता, शांत वातावरण एवं सुखद परिवेश पर्यटकों को आकर्षित करता है। कोलहाई मन एवं तन को ऊर्जावान बनाता है। कोलहाई घाटी का सबसे बड़ा ग्लेशियर है। ग्लेशियर की चढ़ाई पर्यटकों एवं ट्रैक्र्स का सपना होता है।

हैली स्कीइंग: हैली स्कीइंग अरु हिल स्टेशन का दूसरा बड़ा आकर्षण है। भारी हिमपात में हैली स्कीइंग एवं स्कीइंग का आनन्द ही कुछ आैर होता है। यूं कहें कि बर्फबारी के बीच इन खेलों का उपहार प्रकृति की देन है।

लिडरडैट ट्रैक: लिडरडैट ट्रैक अरु हिल स्टेशन के पंसदीदा क्षेत्रों में है। पर्यटक अरु आने के बाद यहां आना प्राथमिकता में रखते हैं। इसका बड़ा कारण है कि यहां एक खास बिन्दु है। इस शीर्ष बिन्दु से सूर्यास्त का सुन्दर दृश्य दिखता है।

अरु हिल स्टेशन की यात्रा या आवागमन के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट श्रीनगर है। रेल मार्ग एवं सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते हैं। अरु हिल स्टेशन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम से मात्र 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। श्रीनगर से करीब 107 किलोमीटर दूर है।