जातिवादी-राष्ट्रवादी सोच में फर्क देखें

0
485

गाजियाबाद। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद की जमीं से सपा एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर जमकर प्रहार किये। उन्होंने कांग्रेस को भी नाम लिये बगैर आड़े हाथों लिया। साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र के कृष्णा इंजीनियरिंग कालेज में आयोजित प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश व प्रदेश में भाजपा सरकार ने जो वादे किए थे वह पांच साल में पूरे हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि अमेरिका से अगर तुलना करें तो अमेरिका की आबादी 33 करोड़ है उसके बावजूद भारत से दोगुनी मौतें कोरोना से हुईं हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के नेता जब ट्विटर पर लोगों को गुमराह कर रहे थे उस समय पीएम मोदी लेब्रोट्रेरी में जाकर वैक्सीन का निर्माण करवा रहे थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा लोगों को फ्री में टेस्ट, फ्री में उपचार, फ्री में वैक्सीन, फ्री में राशन देने का दायित्व हमने उठाया और हर व्यक्ति के साथ खड़े रहे। उस समय सपा- बसपा का कोई पता ही नहीं था। इसके साथ ही कांग्रेस के भाई- बहन भी गायब थे। जो व्यक्ति संकट का साथी नहीं बन सका तो अब कैसे आप उन्हें चुनाव का साथी चुनेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा मित्र और शत्रु की पहचान करने का समय आ गया है। देश के प्रति जो सही सोच रखे उसे आगे बढ़ाना होगा। प्रदेश में पांच साल पहले भय का माहौल था और बेटियां बाहर निकलने से डरती थीं। हर दूसरे दिन दंगा होता था।
माफिया जमीनों पर कब्जा करते थे। शासन की योजनाओं का लाभ गरीबों को नहीं मिल पाता था। आज अपराधियों की हिम्मत नहीं कि किसी संभ्रांत नागरिक की जमीन पर कब्जा कर ले, अगर करेगा तो बुलडोजर चलेगा। पहले गरीबों का अन्न बांग्लादेशियों को मिलता था। आज 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा दिया जा रहा है। वृद्ध, विधवाओं को 1 हजार रुपये की पेंशन दी जा रही है। सपा सबसे पहले अपना बंगला बनाती थी। भाजपा सरकार ने 43 लाख लोगों को आवास और शौचालय दिया। एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट दिया। फिल्मसिटी अब मुम्बई नहीं आपके पड़ौस गौतमबुद्धनगर में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो आज कह रहे हैं 300 यूनिट फ्री बिजली देंगे उनके समय मे बिजली आती ही नहीं थी। लोगों की आंखों में धूल झोंक रहे हैं ये फ्री बिजली का वादा करने वाले। ये युवाओं को टेबलेट का वादा कर रहे हैं। जब पुरानी पेंशन रोकी गयी तो उनके अब्बाजान सीएम थे। उस समय 4 वर्ष वो मुख्यमंत्री रहे, उंसके बाद 5 वर्ष उनके बेटे मुख्यमंत्री रहे लेकिन तबतक सरकारी कर्मचारियों के पेंशन अकॉउंट तक नहीं थे। जब भाजपा सरकार आई तो इसकी जांच की और अब न्यू पेंशन स्कीम के तहत लाभ मिल रहा है या नहीं।

मुख्यमंत्री ने नाम लिये बगैर सपा पर हमला करते हुए कहा कि सपा ने कैराना से पलायन करवाने वाले को टिकट दिया। सपा ने मुरादाबाद, अमरोहा, मेरठ में कैसे लोगों को टिकट दिया वो सभी लोग भलीभांति जानते हैं। आपको राष्ट्र विरोधियों, अपराधियों एवं राष्टवादियों में से चुनाव करना है। उन्होंने कहा भाजपा में सभी तबकों का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रवादियों को टिकट दिए हैं। जिस तरह से भाजपा को जनता का आशीर्वाद मिला, भाजपा ने राष्ट्रवाद और सुरक्षा के मॉडल पर काम किया। पिछली सरकार में कांवड़ यात्रा रोकी जाती थी, हमने यात्रा को सुरक्षा दी और फूल बरसाए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कोई माह ऐसा नहीं बीतता जब यहां के जनप्रतिनिधि विकास के लिए मेरे पास लखनऊ न आते हों। यही कारण है कि गजियाबाद मॉडल शहर बन गया है। कानून का राज हो, हिस्ट्रीशीटर थानों के संचालन न करें, दंगाइयों को सजा मिले, तुष्टिकरण की राजनीति न हो, सरकारी भर्ती में पारदर्शिता रहे, बिजली 24 घण्टे मिले, एक्सप्रेसवे रफ्तार बनते रहें, बहन बेटियां सुरक्षित रहें, कोरोना महामारी का सही प्रबंधन हो, निवेश आता रहे, रोजगार मिलता रहे। इन सब बातों के लिए भाजपा आवश्यक है।

गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेहरूनगर स्थित नगर निगम आडिटोरियम में प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने श्रद्धेय श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीन दयाल उपाध्याय एवं मां भारती के साथ ही नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तस्वीरों के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। उन्होंने भारत माता के महान सपूत राष्ट्र नायक सुभाष चंद्र बोस को उनकी जयंती पर नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र नायकों को सम्मान देने के लिए वार मेमोरियल का निर्माण किया गया है। जिन सैनिकों ने देश के लिए बलिदान दिया है उनका नाम पट्टिका पर अंकित कर उन्हें सम्मान देने का काम किया गया है। सेनाध्यक्ष रहे जनरल वीके सिंह आपके क्षेत्र का लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा इंडिया गेट पर सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित करवा कर प्रधानमंत्री राष्ट्रनायक को सम्मान देने का काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्टवादी सोच उसे कहते हैं कि प्रदेश में प्रचंड बहुमत की सरकार बनने पर पहला निर्णय अवैध बूचड़खाने बंद करवाने का लिया गया। इसके साथ ही एंटी रोमियो स्क्वायड के गठन किया गया। सबको सुरक्षा, सबको सम्मान, आस्था को सम्मान देने का काम किसी ने किया तो भाजपा सरकार ने किया। इस दौरान उन्होंने राम जन्म भूमि, काशी विश्वनाथ मंदिर, कैलाश मानसरोवर भवन का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं का जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में युवाओं को नौकरी दी गई। पहले की सरकार में नौकरी निकलती थी तो चाचा- भतीजा वसूली के लिए निकल पड़ते थे। लेकिन भाजपा सरकार में विकास हुआ है। पहले विकास सैफई तक सीमित रह जाता था। पहले दंगे होते थे, अब विकास होता है।

संजय सिंह