एक दिन में 10 लाख लोगों के टीकाकरण का कीर्तिमान

0
752

• बीते 24 घंटे में 10, 03, 325 लोगों को लगाई गई वैक्सीन
• अब तक 3 करोड़ 45 लाख से ज्यादा लोगों को लगाई जा चुकी है वैक्सीन

लखनऊ। प्रदेश सरकार ने बुधवार को एक और कीर्तिमान स्थापित किया। बीते 24 घंटों में पूरे प्रदेश में दस लाख लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज़ लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग की यह उपलब्धि 31 अगस्त तक 10 करोड़ प्रदेशवासियों को टीका लगाने के लक्ष्य की ओर अग्रसर कदम है।

अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि बीते 24 घंटों में प्रदेश में 10, 03, 425 लोगों को वैक्सीन की डोज़ दी गई। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने बेशकीमती मेहनत कर यह नया लक्ष्य छुआ है। अब तक औसतन 6 से 8 लाख लोगों को रोजाना टीका लगाया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि अब तक 2 करोड़ 93 लाख 18 हजार 619 प्रदेशवासियों को वैक्सीन की पहली डोज़ लगाई जा चुकी है। इसके अलावा 52 लाख 10 हजार लोगों को दोनों डोज़ लग चुकी है। इस प्रकार प्रदेश में 3 करोड़ 45 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

अमित मोहन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 31 अगस्त तक 10 करोड़ प्रदेशवासियों को टीका लगा देने का लक्ष्य निर्धारित किया है जिसे हम अवश्य प्राप्त करेंगे। स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी तन्यमता के साथ लगीं हैं। इसलिए हमें ये लक्ष्य पा लेने का यकीन है।