Pride of North-East Heart Touching दीफू हिल स्टेशन

0
130

दीफू हिल स्टेशन: मखमली एहसास दीफू हिल स्टेशन को प्राकृतिक सौन्दर्य शास्त्र का बेहतरीन आयाम कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। दीफू में चौतरफा प्राकृतिक सुन्दरता की निराली छटा बिखरी दिखती है। समुद्र तल से करीब 186 मीटर ऊंचाई पर स्थित दीफू हिल स्टेशन में पर्वत मालाओं, घाटियों-वादियों एवं झीलों-झरनों की खूबसूरत श्रंखला दिखती है। दीफू का मखमली एहसास पर्यटक लम्बे समय तक भूल नहीं पाते। असम के जिला कार्बी आंगलोंग का यह पर्वतीय शहर देश का चुनिंदा एवं आकर्षक पर्यटन स्थल है। दीफू दीमासा भाषा का शब्द है। दीमासा में दी का अर्थ पानी होता है, जबकि फू का अर्थ सफेद से होता है। मानसून के बाद दीफू सफेद चादर में लिपटा दिखता है। दीफू हिल स्टेशन को प्रकृति का बहुमूल्य उपहार कहा जाना चाहिए। दीफू की प्राकृतिक खूबसूरती के साथ ही वातावरण भी बड़ा सुहावना होता है। निश्चय ही दीफू की प्राकृतिक आबोहवा ऊर्जावान बना देती है। खास यह कि दीफू में सुन्दर एवं आकर्षक स्थानों की एक लम्बी श्रंखला है। लुभावने एवं आकर्षक पर्यटन स्थलों में खास तौर से खण्डुलि, उमवांग, कोहरा एवं अमरेंग आदि हैं। दीफू हिल स्टेशन एवं उसके आसपास तरलंगसो सांस्कृतिक केन्द्र, बोटैनिकल गार्डेन, कैतुकालय अजायब घर एवं उमवांग आदि हैं। खास यह कि दीफू हिल स्टेशन पर पर्यटक घुड़सवारी का शौक भी पूरा कर सकते हैं। बोटैनिकल गार्डेन: बोटैनिकल गार्डेन दीफू हिल स्टेशन से करीब 5 किलोमीटर दूर हैं। यह वनस्पतियों का हरा-भरा एक वृहद उद्यान है। इसमें वनस्पतिक एवं आैषधीय पेड़ों की एक विशाल श्रंखला है। इतना ही नहीं यह उद्यान फूलों की विभिन्न प्रजातियों से आच्छादित है। प्रकृति प्रेमियों के लिए यह एक आदर्श स्थान है। कैतुकालय अजायब घर: कैतुकालय अजायब घर वस्तुत: दीफू का संस्कृति दर्शन है। इस अजायब घर में दीफू की प्राचीन संस्कृति को भी देखा जा सकता है। अजायब घर में प्राचीन गहनें, संगीत वाद्य यंत्र, शिकार उपकरण, मछली पकड़ने के उपकरण आदि शामिल हैं। दीफू की हथकरघा संस्कृति भी यहां देखने को मिलती है। इसमें वनस्पति घाटी भी है। करीब 13 हेक्टेयर में फैली वनस्पति घाटी में हरे-भरे एवं दुलर्भ वनस्पतियों की एक लम्बी श्रंखला है। इसकी सुन्दरता पर्यटकों को मुग्ध कर लेती है। तरलंगसो सांस्कृतिक केन्द्र : तरलंगसो सांस्कृतिक केन्द्र कार्बी संस्कृति की खुला एवं सामाजिक मंच है। यह रंगभूमि बेहद सुन्दर है। इस रंगभूमि पर स्थानीय आदिवासी, जनजाति एवं सामुदायिक नृत्यों का पर्यटक आनन्द ले सकते हैं। इसमें कलात्मक एवं प्राकृतिक परिदृश्य देखने को मिलते हैं। यहां सांस्कृतिक उत्सव भी होता है। पर्यटक इस सांस्कृतिक उत्सव का भरपूर आनन्द ले सकते हैं। उमवांग : उमवांग दीफू का सर्वाधिक पसंदीदा पर्यटन स्थल है। दीफू से कुछ दूर स्थित यह एक सुन्दर एवं वृहद चारागाह है। उमवांग की सुन्दरता पर्यटकों को बरबस आकर्षित करती है। यहां का वातावरण अत्यंत सुहावना रहता है। उमवांग में बारापानी नदी का किनारा है। नदी का यह किनारा बेहद सुन्दर एवं आकर्षक प्रतीत होता है। पर्यटक उमवांग में घुड़सवारी, पैराग्लाइंडिग, रॉफ्टिंग एवं गोल्फ का आनन्द ले सकते हैं। उमवांग का यह करीब 35 किलोमीटर का एरिया सुन्दरता से भरा हुआ है। उमवांग सुन्दर वातावरण, प्राकृतिक गतिविधियों एवं हरियाली की ऊंचाईयों के लिए खास प्रसिद्ध है। दीफू हिल स्टेशन की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट दीमापुर है। दीमापुर एयरपोर्ट से दीफू हिल स्टेशन की दूरी करीब 55 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन दीफू है। गुवाहाटी जंक्शन से भी दीफू की यात्रा की जा सकती है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी दीफू हिल स्टेशन की यात्रा कर सकते हैं।