रोग से लड़ने की क्षमता बढ़ाएगी आर्गेनिक अरहर दाल

0
1089

आर्गेनिक अरहर की दाल खाने से हमारे शरीर को कई तरह के पोषक तत्व मिलते हैं। इसमें प्रोटीन, फैट, कार्बोहाइड्रेट्स जैसे पोषक तत्व समाहित है। अरहर प्रोटीन और फाइबर का बहुत बड़ा स्रोत है। कॉलेस्ट्रॉल फ्री होने के नाते यह सर्वोत्तम पोषण प्रदान करता है। घातक रसायनों से मुक्त एक कटोरी आर्गेनिक दाल भारतीय खाने की थाली की जान है। भारतीय भोजन में दाल की अहम भूमिका होती है। अरहर दाल पेट भरने के साथ-साथ शरीर को स्वस्थ रखने का भी काम भी करती हैं।

वजन कम करने में सहायक
वजन को नियंत्रित रखने में अरहर दाल कारगर है। इसमें सभी जरूरी पोषक तत्व होते हैं। फाइबर से भी समृद्ध यह दाल पेट को लंबे समय तक भरा रख, अतिरिक्त भोजन खाने की आदत को कम करने में मदद करती है।

हृदय रोग से बचाव
हृदय रोग कई कारणों से हो सकते हैं और इनमें से एक कारण है शरीर पर फ्री रेडिकल्स का प्रभाव। दरअसल, ऑक्सीडेटिव तनाव हृदय रोग के जोखिम कारक जैसे डायबिटीज, मोटापा और उच्च रक्तचाप आदि को बढ़ाने का काम कर सकता है। ऐसे में, अरहर दाल में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट एंजाइम फ्री रेडिकल्स का प्रभाव कम कर हृदय रोग के जोखिम को कम करने में मदद करता है।

रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाए
अरहर दाल का सेवन शरीर को स्वस्थ रखने के साथ शरीर को रोगों से दूर रखने में मदद करता है। अरहर की दाल में इम्यूनोमॉड्यूलेटरी गुण पाए जाते हैं। शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने में और रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ाने में मदद करता है।

मधुमेह में अरहर दाल के फायदे
शरीर में ऑक्सीडेटिव तनाव का बढ़ता स्तर मधुमेह का कारण बन सकता है। एक अध्ययन की माने तो ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करने में एंटीऑक्सीडेंट गुण से समृद्ध आहार का सेवन लाभकारी हो सकता है। अरहर दाल एंटीऑक्सीडेंट गुण से समृद्ध होती है, जो मधुमेह से बचाव में सहायक भूमिका निभा सकती है।

आनंद कुमार मिश्र