अब यूपी का रुहेलखंड बनेगा एथेनाल हब

0
281

बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट रोजगार के साथ व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने उद्योगपतियों को बेहतर कानून व्यवस्था के साथ उद्योग लगाने के लिए सुलभ और सुगम अवसर प्रदान किए हैं। इसी क्रम में रुहेलखंड एथेनॉल का हब बनने जा रहा है। अक्टूबर में रुहेलखंड का सबसे बड़ा एथेनॉल प्लांट शुरू हो जाएगा। उसका ट्रायल शुरू कर दिया गया है।

इसके अलावा बरेली की द्वारकेश शुगर मिल ने भी अपने एथेनॉल प्लांट की क्षमता बढ़ा दी है। दोनों प्लांट से इंडियन आयल, भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पैट्रोलियम जैसी कई कंपनियों ने एथेनॉल खरीदने का एग्रीमेंट भी तैयार कर लिया है। एथेनॉल प्लांट को लेकर जोर शोर से तैयारी चल रही है। मीरानपुर कटरा के सालपुर नवदिया में लगे एथेनॉल प्लांट में गन्ना, ज्वार, मक्का, बाजरा, धान और गेहूं से भी एथेनॉल बनाया जायेगा। इससे एक तो रोजगार बढ़ेंगे। दूसरा किसानों की आमदनी भी बढ़ेगी।

शाहजहांपुर बॉर्डर पर मीरानपुर कटरा के नवदिया सालपुर गांव में मार्च 2021 में एथेनॉल प्लांट लगाने की शुरुआत हुई थी। अक्टूबर 2022 में प्लांट शुरू हो जायेगा। प्लांट का ट्रायल शुरू हो गया है। यहां गन्ने, अनाज और बीजों से एथेनॉल बनाया जाएगा। इस एथेनॉल प्लांट का निर्माण 25 एकड़ जमीन पर किया गया है। किसानों से अनाज, बीज और गन्ना खरीदा जायेगा और एथेनाल बनाने के बाद तेल कंपनियों को दिया जाएगा।

द्वारकेश शुगर मिल सीधे गन्ने के रस से बनाएगी एथेनॉल : जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह ने बताया कि द्वारकेश शुगर मिल की प्रतिदिन पेराई क्षमता 75000 कुंतल गन्ने की है। इसमें 25000 कुंटल गन्ने से सीधे एथेनॉल बनाया जाएगा और बाकी गन्ने से चीनी तैयार होगी। एथेनॉल प्लांट बनकर तैयार हो गया है। द्वारकेश शुगर मिल में हर दिन 175 किलो लीटर एथेनाल बनायेगा।

ऐसे होगा एथेनाल का उत्पादन, तेल कंपनी को बिक्री : जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह के मुताबिक द्वारकेश चीनी मिल एक दिन में 75 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई करती है। चीनी मिल 25 हजार क्विंटल गन्ने से एथनॉल बनाए तो इससे चीनी का उत्पादन 33 प्रतिशत घट जाएगा। एथनॉल उत्पादन बढ़ने से चीनी मिल को ज्यादा मुनाफा होगा। इसका लाभ किसानों को भी मिलेगा। शीरे में सुक्रोज की मात्रा से बी हैवी या सी हैवी श्रेणी तय होती है। सी हैवी शीरे से बने एथनॉल की कीमत 45.68, बी हैवी शीरे से बने एथनॉल की कीमत 57.61 और सीधे रस से बने एथनॉल की कीमत 62.65 रुपये प्रति लीटर तक रहती है।