देश में पहली बार चुनाव परिणाम को लेकर जनता जनार्दन निश्चिंत

0
106

आजमगढ़। देश में पहली बार चुनाव परिणाम काे लेकर जनता जनार्दन निश्चिंत है क्योंकि पूरा देश एक स्वर में बोल रहा है कि एक बार फिर मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार। यह सुनते ही समाजवादी पार्टी को चक्कर आने लगता हैं और वह भौचक हो जाते हैं क्योंकि उन्होंने 400 सीटों पर कभी चुनाव ही नहीं लड़ा है। वर्तमान में समाजवादी पार्टी 62 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, उसमें भी कैंडिडेट एक-एक करके भागते जा रहे हैं। यह इनके पुराने कर्मों का नतीजा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 500 वर्षों के बाद रामलला को दिव्य और भव्य मंदिर में विराजमान किया है जबकि सपा के लोग कहते थे कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता है। वहीं जनता का खून चूसने वाले माफिया और अपराधियों की राम नाम सत्य की यात्रा निकाल दी गयी है। आज प्रदेश के दुर्दांत अपराधी या तो जहन्नुम चले गये हैं या फिर प्रदेश छोड़कर चले गये हैं। आजमगढ़ के सामने पहचान का संकट खड़ा करने वाले और आतंकवाद का गढ़ बनाने वालों को एक-एक वोट के लिए तरसाने का समय आ गया है। इनकी जमानत जब्त करानी है। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सगड़ी विधानसभा में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्हाेंने लोकसभा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ के पक्ष में वोट की अपील की।

राम मंदिर के विरोधियों की जमानत करानी है जब्त : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि देश 10 वर्ष पहले पहचान और विश्वास के संकट से जूझ रहा था। हर एक व्यक्ति पर सुरक्षा का खतरा मंडरा रहा था। देश में विकास कार्य ठप हो चुके थे क्योंकि कांग्रेस नेतृत्व सरकार भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी थी। उस दौरान गरीब भूख से मरता था, किसान आत्महत्या करते थे, बेटी और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। वहीं देश और दुनिया में आतंकी घटना होने पर उसके तार आजमगढ़ से जुड़कर बदनाम किया जाता था। वहीं पिछले 10 वर्षों में देश में एक भी आतंकी वारदात नहीं हुई है। आज तो पटाखा भी जोर से फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देने लगता है। सीएम योगी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हमने बदलते हुए भारत को देखा है। हम एक नये भारत का दर्शन कर रहे हैं, जिसमें दुनिया में सम्मान बढ़ा है, सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, आतंकवाद- नक्सलवाद पर प्रभावी अंकुश लगा है। आजमगढ़ में महाराज सुहेलदेव के नाम पर एक विश्वविद्यालय बन गया है। इसके साथ ही आजमगढ़ पूर्वांचल एक्सप्रेस से जुड़ गया है। आज आजमगढ़ में एयरपोर्ट भी है। ये सब मोदी की गारंटी से हुआ है। वहीं आतंकवादियों, माफिया का समर्थन करने वाले, राम मंदिर के विरोधियों की जमानत जब्त करानी है। आज देश में वर्ल्ड क्लास हाइवे, एयरपोर्ट, रेलव, मेट्रो, विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। आज देश में 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दिया जा रहा है।

धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं हो सकता : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के समय देश में आतंकी घटनाएं होती थी। इस दौरान वह आतंकवादियों पर कार्यवाही करने की जगह कहते थे कि आतंकवादी सीमा पार के हैं। सीएम योगी ने कहा कि इंडी गठबंधन का अपना कोई एजेंडा नहीं है। यह अनुसूचित और पिछड़ी जाति के आरक्षण में सेंध लगा कर मुसलमानों को देना चाहता हैं, जिसे हम स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने भी कहा था कि भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं हो सकता है क्योंकि धर्म के आधार पर भारत का विभाजन हुआ था। ऐसे में हम आरक्षण को इस रूप में स्वीकार नहीं करेंगे। यह लोग कहते हैं कि सत्ता में आएंगे तो विरासत टैक्स लगाएंगे। यह विरासत टैक्स औरंगजेब का जजिया कर है। यह इनकी खतरनाक मंशा है, जिसे सफल नहीं होने देना है। इनके अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस गयी है। हमें इनसे सावधान रहना है।