स्वाद का भरपूर आनंद, बनायें रजवाड़ी दही वड़े

0
701

एक ऐसा पकवान जो पूरे भारतीय उपमहाद्वीप में बेहद शौक से खाया जाता है। दही वड़ा…। दही वड़ा एक खास डिश है जो विशेष अवसरों पर बनाया जाता है, खास कर त्योहारों पर। तो चलिए बनाते हैं रजवाड़ी दही वडे करवाचौथ के शुभ अवसर पर।

दही वड़ा बनाने के लिए सामग्री
1 कटोरी उड़द की दाल
2 बड़ी चम्मच चिरौंजी
2 बड़ी चम्मच किशमिश
2 बड़ी चम्मच काजू टुकड़ा
1 हरी मिर्च बारीक कटी
1 चम्मच अदरक बारीक कटा
1 बड़ी चम्मच हरा धनिया बारीक कटा
चुटकी भर हींग और नमक अंदाजे से

दही वड़ा बनाने की विधि:- दाल को अच्छे से धो कर तीन चार घंटे के लिए भिगो देंगे। पानी निथार कर मिक्सी में पीस लेंगे। थोड़ा सा पानी डाल कर मिक्सी में ही 2/3 मिनट और फेटेंगे जिससे घोल हल्का हो जायेगा और वड़े बेहद मुलायम बनेंगे। इस घोल में हींग और नमक मिला लेंगे। एक बर्तन में बाकी सब सामग्री को मिला लेंगे। इस मिश्रण में 2 या 3 चम्मच घोल डाल देंगे जिससे मिश्रण के गोले बन पायेंगे। अब फ्राई पैन में 2 बड़े चम्मच तेल लेंगे। गरम हो जाने पर मिश्रण के गोलों को दाल के घोल मे अच्छी तरह डूबा कर इसमें डालते जायेंगे। इस तरह सभी गोलों को सुनहरा होने तक तल लेंगे। हमारे वड़े तैयार हैं। इन को पानी में भिगो दें।

मीठी सौंठ सामग्री:-

100 ग्राम साबुत खटाई
250 ग्राम गुड़
काला नमक, लाल मिर्च अपने स्वाद अनुसार, चुटकी भर हींग

साबुत खटाई को कुकर में 1 सीटी आने तक उबाल लें। उबली हुई खटाई को मिक्सी में पीस लें। छन्नी में छान कर 1 गिलास पानी और 250 ग्राम गुड़ के साथ गाढ़ा होने तक पकाएं। अब इसमें स्वाद अनुसार काला नमक, लाल मिर्च, हींग डाल दें। सौंठ तैयार है।

हरी चटनी बनाने के लिए सामग्री:-

100 ग्राम हरा धनिया
100 ग्राम पुदीना
4 हरी मिर्च
1 नींबू
नमक स्वाद अनुसार
सभी सामग्री को मिक्सी में डाल कर पीस लें। फिर नींबू का रस डाल कर मिला लें। भीगे हुए वड़े को निचोड़ कर पानी निकाल दें। दही को थोड़ी सी चीनी के साथ फेंट कर इसमें वड़े डाल दें। जब खाने हो तब इन्हें प्लेट में लगा कर खट्टी चटनी और मीठी सौंठ डाल दें। भुना पिसा जीरा, बारीक कटा धनिया, बारीक कटा केले के टुकड़े और अनार के दानों से सजा कर परोसे। प्लेट रखते ही खाली हो जायेगी।

श्रीमती रीनू गुप्ता