दूधसागर वाटर फॉल्स: गजब की सुन्दरता

0
2274

दूधसागर वाटर फॉल्स को ‘सी आफ मिल्क” कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। गोवा का यह वाटर फॉल्स मंडोवी नदी पर स्थित है। करीब 310 मीटर ऊंचाई से गिरने वाले इस झरना (फॉल्स) को देख कर ऐसा प्रतीत होता है कि फॉल्स में पानी न होकर दूध की धारा प्रवाहित हो।

शायद इसी लिए दूधसागर वाटर फॉल्स को सी आफ मिल्क भी कहा जाता है। इस वाटर फॉल्स की संरचना भी विहंगम है। ऊंचाई से गिरता-उछलता पानी एक खास चमक उत्पन्न करता है। दूधसागर वाटर फॉल्स को सफेद झरना भी कहा जाता है क्योंकि इस झरना का रंग दूधिया है। उछाल मारता झरना का पानी देख कर ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे जलक्रीडा हो रही हो।

दूधसागर वाटर फॉल्स वस्तुत: गोवा एवं कर्नाटक सीमा पर स्थित है। देश के पांच शीर्ष वाटर फॉल्स में गिना जाने वाला दूधसागर वाटर फॉल्स 310 मीटर शिखर से नीचे आता है। स्थल पर एहसास होता है कि झरना सीधे आसमान से धरती पर गिर रहा हो। इस भव्य-दिव्य झरना की चौड़ाई भी कम नहीं है। इसकी चौड़ाई 30 मीटर के आसपास है।

दूधसागर वाटर फॉल्स पर्यटकों को पल-पल रोमांच का एहसास कराता है। दूधसागर वाटर फॉल्स की खोज 1850 के दशक में एंटोनियो लोपे मेडेस ने की थी। खास यह है कि इस स्थान के निकट से ही रेलवे लाइन गुजरती है। लिहाजा रेल यात्री भी इस खास वाटर फॉल्स का भरपूर आनन्द लेते हैं।

मानसून में इस पर्यटन क्षेत्र का भ्रमण बेहद आनन्ददायक होता है क्योंकि बारिश में मौसम बेहद खुशनुमा हो जाता है। यह चार स्तरों वाला वाटर फॉल्स है। दूधसागर वाटर फॉल्स भगवान महावीर अभ्यारण एवं मोल्लेम राष्ट्रीय उद्यान के मध्य में स्थित है। यह वाटर फॉल्स वन क्षेत्र से घिरा है।

लिहाजा बेहद मनोरम स्थान का एहसास वाटर फॉल्स क्षेत्र कराता है। इस वाटर फॉल्स की विशेषता यह है कि अलग-अलग स्थानों से देखने पर फॉल्स का खास अंदाज दिखता है। फॉल्स की सुन्दरता का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि दर्जनों फिल्मों की शूटिंग इस स्थान पर हो चुकी है। शाहरुख खान एवं दीपिका पादुुकोण अभिनीत सुपरहिट फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस” के कुछ दृश्य यहां फिल्माये गये।

देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में गिने जाने वाले इस वाटर फॉल्स के निकट ही 200 मीटर लम्बी रेल सुरंग है। दूधसागर वाटर फॉल्स देश के शीर्ष वाटर फॉल्स में 5 वें स्थान पर है। दुनिया में इसका 227 वां स्थान है।

दूधसागर वाटर फॉल्स की यात्रा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट गोवा है। पणजी से वाटर फॉल्स की दूरी करीब 60 किलोमीटर है। मडगांव एवं बेल्गीवी रेल मार्ग से भी दूधसागर वाटर फॉल्स की यात्रा की जा सकती है। सड़क मार्ग से भी फॉल्स की यात्रा की जा सकती है।