राम मंदिर निर्माण के लिए चांदी की शिला भेंट करेंगे दलित

0
762

भगवान राम दलित आस्था के केंद्र : डॉ. निर्मल

लखनऊ। राम मंदिर निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश के दलितों की ओर से चांदी की शिला भेंट की जाएगी। अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल की अगुवाई में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 14 फरवरी को लखनऊ से अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों से मिलेगा और चांदी की शिला सौंपेगा। यह जानकारी बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर महासभा ट्रस्ट के मंत्री अमरनाथ प्रजापति ने लखनऊ में दी है।

अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि भगवान राम दलितों की आस्था के केंद्र में हैं। उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश का दलित राम मंदिर निर्माण में सहयोग कर रहा है। इसी कड़ी में आंबेडकर महासभा ट्रस्ट चांदी की शिला भेंटकर राम मंदिर निर्माण में अपना योगदान देगा। डॉ. निर्मल के अनुसार राम मंदिर निर्माण से देश में सौहार्दपूर्ण संदेश गया है। हाशिए का समाज राम मंदिर निर्माण से उत्साहित है। देश का दलित समाज राम मंदिर निर्माण के लिए न्यायपालिका, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का आभारी है।

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए लोग बढ़ चढ़ कर अपना योगदान दे रहे हैं। बीते एक माह से मंदिर निर्माण के लिए धन इकठ्ठा करने का कार्य भी पूरे देश में हो रहा है। देश के राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के अनुसार अब तक राम मंदिर निर्माण के लिए करीब 1000 करोड़ रुपये चंदे के रुप में ट्रस्ट के खाते में आयें हैं।