यूपी में एक नवंबर से कम होगी बारिश की रफ्तार

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में इस समय हो रही बारिश से निजात दो नवंबर को मिलेगी। वर्षा की रफ्तार एक नवंबर से कम होनी शुरू हो जाएगी। फिलहाल दक्षिणी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में हवा की झकझोर के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होते रहने के आसार हैं

0
21

लखनऊ। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में इस समय हो रही बारिश से निजात दो नवंबर को मिलेगी। वर्षा की रफ्तार एक नवंबर से कम होनी शुरू हो जाएगी। फिलहाल दक्षिणी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में हवा की झकझोर के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होते रहने के आसार हैं।

* दो नवंबर से मौसम साफ और सूखा होने के भी आसार
* चक्रवाती तूफान मोंथा से पूर्वांचल में भारी वर्षा की संभावना

वर्तमान प्रेक्षणों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना गंभीर चक्रवाती तूफान “मोंथा” 28 अक्टूबर की रात आंध्रप्रदेश तट को पार कर उत्तर-उत्तर पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तरोत्तर कमजोर होकर 29 अक्टूबर की शाम दक्षिणी छत्तीसगढ़ के आसपास अवदाब के रूप में संकेन्द्रित था। इसके अवशेष के प्रभाव से 30 से 31 अक्टूबर के दौरान दक्षिणी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा, जबकि पूर्वांचल के कुछ जिलों में भारी वर्षा की भी संभावना जताई गई है।

इस दौरान प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में जबरदस्त उतार-चढ़ाव संभावित है, जबकि न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा। अनुमान के अनुसार एक नवंबर से वर्षा में कमी आने लगेगी और 2 नवंबर से प्रदेश का मौसम शुष्क होने की संभावना है। साथ ही अधिकतम तापमान में स्थिरता आने और न्यूनतम तापमान में क्रमिक गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है।

अभयानंद शुक्ल