मखाना मेवा लड्डू स्वाद के साथ स्वास्थ्य का तड़का

0
1353

प्रकाशोत्सव दीपावली का आगमन बस हो ही गया। हर तरह उत्साह उमंग भरपूर है पर कोरोना महामारी के कारण लोग डर रहे हैं बाहर से मिष्ठान आदि खरीदने में। तो आज कुछ ऐसा बनाते हैं जो त्यौहार में ख़ास लगे और स्वास्थ्य का ख्याल भी रखे। चलिए बनाते हैं मखाना मेवा लड्डू। ये लड्डू सर्दियों के मौसम में भी पूरे परिवार की सेहत का भी ख्याल रखेगा।तो देर किस बात की। बनाइए, खाइए और खिलाइए।

मखाना मेवा लड्डू बनाने के लिए सामग्री
मखाना 100 ग्राम
काजू 100 ग्राम
बादाम 100 ग्राम
नारियल पाउडर 100 ग्राम
50 ग्राम किशमिश
4 बड़े चम्मच देसी घी
4 बड़े चम्मच दूध
2 इलायची पिसी हुई
300 ग्राम गुड़

मखाना मेवा लड्डू बनाने की विधि

सर्वप्रथम मखाना कड़ाही में भून लेंगे। कुरकुरे होने पर मखाना कड़ाही से निकाल कर मिक्सी में बारीक पीस लेंगे। ये मखाना आटे के समान दिखने लगेगा। अब कड़ाही में 2 चम्मच देसी घी डाल कर बाकी के मेवे यानि काजू और बादाम भून लेंगे। इनको दरदरा पीस लें या कूट लें। कड़ाही में गुड़ डाल कर पिघलने दें। गुड़ पिघल जाने पर इसमें बचा हुआ घी, दूध, कुटी हुई मेवा, किशमिश डाल कर 2 मिनट गैस पर भूनेंगे। अब गैस बन्द कर दें। इसमें मखाना आटा और नारियल पाउडर मिला कर अच्छे से मिला दें। इस मिक्सचर से अपने मनपसंद साइज के लड्डू बना लें। दीपावली के त्यौहार पर सब को खूब पसंद आयेंगे।

रीनू गुप्ता