भारत के अविनाशी वैभव की नई गाथा गा रही काशी

0
162

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपनी काशी भारत के अविनाशी वैभव की नई गाथा कह रही है। पीएम के मार्गदर्शन व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में काशी ने विकास की नई झलक पेश की है। इसका आलम यह है कि यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी बेतहाशा वृद्धि हुई है। सिर्फ 2023 की ही बात करें तो यहां दो दिसंबर तक पांच करोड़ 38 लाख से अधिक पर्यटकों की आमद हुई। वहीं दो वर्ष में बनारस पहुंचने वालों का आंकड़ा 13 करोड़ से अधिक रहा। बनारस में रोजगार, व्यापार व कारोबार ने नई तेजी पकड़ ली। नई काशी का मतलब विकास, आस्था के साथ आधुनिक सुविधाएं हैं।

2023 में पांच करोड़ 38 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे काशी : यूपी में आने वाले पर्यटकों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। सिर्फ अविनाशी काशी की ही बात करें तो दो दिसंबर 2023 तक यहां पांच करोड़ 38 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे। इसमें भारतीय पर्यटकों की संख्या 5 करोड़ 37 लाख 87 हजार के आसपास रही तो विदेशी पर्यटकों की संख्या 13 हजार 700 से अधिक रही। इसके बाद भी यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है।

काशी आने वाले पर्यटकों का निरंतर आना जारी है। 2023 में सर्वाधिक पर्यटक अगस्त में आए। अगस्त में 9722206 पर्यटक काशी आए, जबकि जुलाई में यह आंकड़ा 7262891 रहा। जनवरी 2023 में 4429590, फरवरी में 4134807, मार्च में 3781060, अप्रैल में 4267858, मई में 3225476, जून में 3696346 पर्यटकों ने पीएम मोदी की काशी का अवलोकन किया। सितंबर में 3897844, अक्टूबर में 4255674, नवंबर में 4826776 पर्यटकों का आगमन काशी में हुआ। वहीं दो दिसंबर तक के आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो यह 307430 रहा। दो दिसंबर के बाद नव वर्ष तक भी यहां निरंतर पर्यटकों व श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहेगा।