बरेली में तैयार होगी राम वाटिका

0
532

बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण 1300 करोड़ में हाईटेक कॉलोनी तैयार करेगा। इसको लेकर किसानों से जमीन अधिग्रहण की तैयारी शुरू हो गई है। कॉलोनी विकसित करने के दौरान सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलेगा। हाईटेक कॉलोनी विकसित करने के लिये कॉलोनी का मैप तैयार किया गया है।

बरेली शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने हाईटेक कॉलोनी तैयार करने का खाका तैयार किया है। 1100 करोड़ से किसानों से उनकी जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इसका प्रस्ताव तैयार हो गया है। 200 करोड़ से कालोनियों को विकसित किया जाएगा। इन हाईटेक कालोनियों में स्पोर्ट्स स्टेडियम, लाइब्रेरी, म्यूजियम, ओपन जिम, मॉर्निंग इवनिंग वॉक ट्रैक जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी।

महाभारत कालीन इतिहास को संजोएगी लाइब्रेरी : हाईटेक कॉलोनी के साथ लाइब्रेरी को भी हाईटेक बनाया जाएगा। इसमें पांचाल राज का संग्रहालय होगा। महाभारत कालीन सभ्यता से लेकर अब तक इतिहास को संजोने के लिए पुस्तकें होंगी। जिसके जरिए लोगों को आसानी से महाभारत कालीन सभ्यता के बारे में जानकारी होगी। बरेली के इतिहास से लेकर आंवला के अहिक्षत्र में छिपे महाभारत कालीन सभ्यता के इतिहास को भी संजोया जायेगा।

बरेली में तैयार होगी राम वाटिका : बरेली विकास प्राधिकरण हाईटेक कॉलोनी के बीच राम वाटिका भी तैयार कर रहा है। इसमें रामायण कालीन सभ्यता के चिह्न होंगे। भगवान राम के चित्र के साथ राम वाटिका का निर्माण किया जाएगा। उसकी तैयारी भी शुरू कर दी गई है। राम वाटिका के प्लाटों का आवंटन लॉटरी के जरिए किया जाएगा। इसके लिए बरेली विकास प्राधिकरण जल्द ही तारीख घोषित करने वाला है। लॉटरी आवंटन प्रक्रिया से राम वाटिका में लोगों को प्लाट मिलेंगे।

जमीन देने से किसानों को मिलेगा चार गुना मूल्य : हाईटेक कॉलोनी के लिए 7.70 लाख वर्ग मीटर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। किसानों से जमीन चार गुना मूल्य पर बीडीए लेगा। सर्किल रेट के मुताबिक किसानों को भुगतान किया जाएगा। बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह का कहना है कि 95 फ़ीसदी किसान जमीन देने के लिए तैयार हो गए हैं। जल्द ही जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। हाइटेक कॉलोनी डेवलप की जाएगी।