अब आधी आबादी से भाजपा का संवाद

0
450

लखनऊ। महारानी लक्ष्मीबाई की शौर्य और संस्कार की धरती झांसी से भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को जोड़ने के लिए कमल शक्ति संवाद कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। इसके लिए भाजपा अपनी महिला ब्रिगेड (महिला मोर्चा) को कमान सौंपने जा रही है। 14 नवम्बर से नौ दिनो तक चलने वाला “कमल शक्ति संवाद” नौ अलग अलग विषयों पर आयोजित होगा।

झांसी के अलावा लखनऊ, आगरा, गोरखपुर, मेरठ, प्रयागराज, मुरादाबाद, शाहजहांपुर और कानपुर में संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस अवसर पर अलग अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया जाएगा। भाजपा की इस रणनीति को यूपी में प्रियंका गांधी वाड्रा की महिलाओं के मुद्दे पर लगातार मुखरता की काट के रूप में देखा जा रहा है।

इसी रणनीति के तहत महिला मोर्चा ने बुंदेलखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, अवध क्षेत्र और पूर्वांचल के अलग अलग शहरों का चयन किया है। इन कार्यक्रमों के जरिये भाजपा की महिला मोर्चा आधी आबादी की सुरक्षा के साथ उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की कई सफल कल्याणकारी योजनाओं से रूबरू कराएगी। इस मंच से महिलाओं में यह भी संदेश देने का प्रयास किया जाएगा कि केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार ने आधी आबादी के जीवन स्तर को बेहतर व स्वावलम्बी बनाने की दिशा में कितना कुछ किया है।

खासकर यह भी संदेश देने का प्रयास होगा कि भाजपा बिना किसी भेदभाव, ऊंच-नीच और पंथ मजहब में अंतर किये बिना आधी आबादी का जीवन स्तर ऊपर उठाने की हिमायती है। इनमें तीन तलाक पर रोक, नौकरियों खासकर पुलिस भर्ती में महिलाओं को वरियता, निशुल्क गैस कनेक्शन, निशुल्क आवास आदि के साथ ही महिलाओं की सुरक्षा जैसे बिन्दु अहम होंगे। संवाद के जरिये पहले की सरकारों और भाजपा शासन में महिला की स्थिति का अंतर बताकर महिला मोर्चा सपा, बसपा और कांग्रेस को घेरेगी।

प्रियंका के बहाने कांग्रेस पर होगा वार : भाजपा की इस सियासी रणनीति के पीछे कांग्रेस की महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी के काट के रूप में भी देखा जा रहा है। ऐसे में महिला मोर्चा उनके लोक लुभावने चुनावी वादे, दलित, किसान और महिला प्रेम की असलियत पर हमला बोलते हुए कांग्रेस को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश करेगी।

इन तिथियों पर होंगे कमल शक्ति संवाद कार्यक्रम : नौ दिनों तक चलने वाले कमल संवाद कार्यक्रम के विषय भाजपा ने तय किये हैं। झांसी में 14 नवम्बर का संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन करेंगी। 15 नवम्बर को मुरादाबाद में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सभा सांसद अलका गुर्जर और सरोज पाण्डेय व कानपुर में 16 नवम्बर को पूनम महाजन की उपस्थिति में कार्यक्रम होगा। 17 नवम्बर को आगरा में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रतिमा भौमिक होंगी। 19 नवम्बर को प्रयागराज में आयोजित संवाद में साध्वी निरंजन और सुश्री सरोज पाण्डेय मौजूद रहेंगी। संवाद की अगली कड़ी 22 नवम्बर को मेरठ में सुश्री सरोज पाण्डेय की मौजूदगी में होगी। शाहजहांपुर में 23 नवम्बर को संवाद कार्यक्रम में इंदुबाला गोस्वामी मौजूद रहेंगी। संवाद कार्यक्रम का अगला पड़ाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में 25 नवम्बर को आयोजित होगा जिसकी मुख्य अतिथि सुश्री विजया रहाटकर होंगी। समापन राजधानी लखनऊ में 27 नवम्बर को सुश्री शोभा करंदलाजे और श्रीमती अन्नपूर्णा देवी की उपस्थिति में होगा। इन मौकों पर अलग अलग क्षेत्रों में परचम लहरा रहीं महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।